• Breaking News

    सतनाली में मासूम से रेप के आरोपियों की गिरफ्तारी को महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

    नारनौल, 09 अक्टूबर (हरियाणा न्यूज़ ब्यूरो)
    सतनाली के रेलवे स्टेशन पर 5 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के विरोध में महिला कांग्रेस ने आज विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सुधा भारद्वाज मुख्य रूप से उपस्थित रही। प्रदर्शन पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू हुआ, जो महावीर चौक व महेंद्रगढ़ रोड होते हुए लघु सचिवालय पहुंचा। लघु सचिवालय में पहुंचने के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन डीसी मोनिका गुप्ता को दिया गया।
    सतनाली के रेलवे स्टेशन पर एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ रेप की घटना के विरोध में महिला कांग्रेस नेत्री डॉक्टर राज सुनेश के नेतृत्व में शहर में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन को लेकर सैकड़ो की संख्या में महिलाएं पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में इकट्ठा हुई। जहां से महिलाएं प्रदर्शन करते हुए महावीर चौक, महेंद्रगढ़ रोड होते हुए लघु सचिवालय पहुंची। लघु सचिवालय परिसर में भी महिलाओं ने करीब 20 मिनट तक सरकार विरोधी नारे लगाए।
    इस मौके पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। हाल ही में सोनीपत में महिलाओं की झुग्गी झोपड़ी में घुसकर उनके साथ दरिंदगी की गई। इससे एक महिला की मौत भी हो गई थी। वहीं अब नया मामला सतनाली में 5 साल की बच्ची के साथ रेप का आया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे महिलाओं में रोष है। उन्होंने कहा कि आए दिन प्रदेश में हो रही घटनाओं से महिलाओं में डर का माहौल है। इसलिए अब समय आ गया है कि भाजपा सरकार को सत्ता से दूर करें, ताकि प्रदेश में महिलाओं को बचाया जा सके।
    इस मौके पर डॉक्टर राज सुरेश यादव ने कहा कि जिला महेन्द्रगढ़ के सतनाली में एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ हुए अत्याचार के मामले में अभी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार भी नहीं कर पाई है। इस मासूम बच्ची के परिजन अभी भी सदमें में हैं और इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। यह तो महज एक मामला है, आज हालात यह हैं कि महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नही हैं। दिन हो या रात अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और बहन-बेटियों की अस्मत से खिलवाड़ कर रहे हैं।
    उन्होंने मांग की है कि इस घृणित मामले के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करवाएं और सरकार को निर्देश देकर ऐसे उपाय करवाएं जिनसे महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर पूर्व जिला प्रमुख भाई राम सिंह, इंदिरा देवी, मिथिलेश, रीना, शशि बाला, निशा, कमलेश, माया देवी, सुमित्रा, बाला देवी, मंजू, चित्रा, अनुराधा, अंजू, अनिमा व शर्मीला सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रही।

    Local News

    State News

    Education and Jobs