• Breaking News

    कांग्रेस पार्टी ने हमेशा शहीदों का सम्मान किया है : श्रुति चौधरी

    नारनौल, 23 सितम्बर (हरियाणा न्यूज़ ब्यूरो)
    स्थानीय आईटीआई मैदान में हरियाणा वीर शहीदी दिवस के अवसर पर शहीद सम्मान समारोह रैली का आयोजन किया गया। पूर्व जिला प्रमुख भाई राम सिंह के आह्वान पर आयोजित रैली में हजारों की संख्या में आए लोगों ने शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर पूर्व सांसद श्रुति चौधरी भी उपस्थित रही। इस रैली में किरण चौधरी के आने की भी मुनादी करवाई गई थी, लेकिन वे नहीं आई|

    आईटीआई मैदान में आयोजित शहीदी सम्मान रैली को संबोधित करते हुए श्रुति चौधरी ने जमकर मौजूदा भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा शहीदों का सम्मान किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी शहीदों का सम्मान करना भूल गई है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि कांग्रेस सत्ता में नहीं होने के बावजूद भी शहीदी सम्मान समारोह कर रही है। जबकि भाजपा की ओर से कोई कार्यक्रम कहीं पर भी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आजादी के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की क्रांति में इस क्षेत्र के शहीदों का बड़ा योगदान रहा। राव तुलाराम के नेतृत्व में इस क्षेत्र के हजारों की संख्या में लोगों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। वहीं अंग्रेजी हुकूमत से लोहा लिया।
    इस मौके पर पूर्व जिला प्रधान भाई राम सिंह ने स्टेज पर दंडवत होकर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीद किसी एक जाति या कौम विशेष के नहीं होते हैं। शहीद सभी के होते हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्हीं के सम्मान में इस रैली का आयोजन किया गया। उन्होंने रैली में पहुंचे लोगों का आभार प्रकट किया। इस मौके पर डॉक्टर राज सुरेश ने कहा कि रैली में आए हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ यह दर्शाती है कि आज भी लोगों के मन में शहीदों के प्रति कितनी श्रद्धा भरी हुई है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी शहीदों को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित कर रही है। वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी द्वारा शहीदों के सम्मान में कार्यक्रम न करना बहुत ही शर्मनाक है।

    Local News

    State News

    Education and Jobs