• Breaking News

    कांग्रेस का कोई मेनिफेस्टो जारी नहीं हुआ है : किरण चौधरी

    नारनौल, 05 अगस्त (हरियाणा न्यूज़ ब्यूरो)
    कुछ लोग अपने आप ही कांग्रेस का मेनिफेस्टो बना रहे हैं, जबकि सच्चाई है कि अभी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई भी मेनिफेस्टो जारी नहीं हुआ है। ऐसे में झूठी घोषणाएं करना सही नहीं रहता।
    नारनौल में आयोजित प्रेस वार्ता में उक्त विचार कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए व्यक्त किये। वे कांग्रेस के महिला सम्मेलन में भाग लेने आई थीं। जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। 
    कांग्रेस विधायक दल की पूर्व नेता व पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी के कुछ लोग पेंशन बढ़ाने संबंधी व अन्य कई बड़ी घोषणाएं अपने आप ही करने में लगे हुए हैं। जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस पार्टी की ओर से ऐसी किसी भी घोषणा को मंजूरी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी लेवल पर एक मेनिफेस्टो तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे कभी भी झूठी घोषणाएं नहीं करती हैं तथा हमेशा सच्चाई के साथ ही रहती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेश के लोगों को अनेक कार्यों में राहत दी जाएगी। पिछले 1 माह से धरने पर बैठे क्लर्कों का वेतन भी कांग्रेस का राज आने पर बढ़ा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से दुखी हो गई है तथा प्रदेश में परिवर्तन लाना चाहती है। जिसके चलते लोगों का झुकाव कांग्रेस पार्टी की ओर हो गया है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग कांग्रेस पार्टी से जुड़ रहे हैं।
    आप नेता डॉक्टर राज सुनेश हुई कांग्रेस में शामिल:
    आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ कार्यकर्ता व पूर्व जिला प्रमुख भाई राम सिंह की पुत्रवधू डॉक्टर राज सुनेश ने आज पूर्व मंत्री किरण चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। गौरतलब है कि डॉक्टर राज सुरेश नगर परिषद के अध्यक्ष चुनाव के लिए आप की टिकट की दावेदार थी। हालांकि उन्हें आम आदमी पार्टी की टिकट नहीं मिली, लेकिन फिर भी वे काफी सक्रिय रही थी। इस अवसर पर देवेन्द्र यादव हुडीना, राजकुमार यादव एडवोकेट, हरजीत यादव, राजाराम गोलवा आदि अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

    Local News

    State News

    Education and Jobs